---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, June 10, 2026

शराब दुकानों पर उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूलने को लेकर एड.ऋतु शर्मा ने करेंगी याचिका दाखिल


शिवपरी।
जिले की शराब दुकानों पर उपभोक्ताओं से एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने, बिना बिल शराब बेचने और निर्धारित समय के बाद भी बिक्री किए जाने के आरोपों को लेकर एक अधिवक्ता ने मोर्चा खोल दिया है। जिला न्यायालय शिवपुरी एवं मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की अधिवक्ता ऋतु शर्मा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे जिले की शराब दुकानों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित याचिका के माध्यम से हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिले की कई शराब दुकानों पर ग्राहकों को खरीदारी के बाद बिल या रसीद नहीं दी जाती, जिससे उपभोक्ता यह साबित नहीं कर पाते कि उनसे वास्तविक रूप से कितनी राशि वसूली गई। इसके चलते एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों की जांच भी प्रभावित होती है।

अधिवक्ता श्रीमती ऋतु शर्मा ने यह भी कहा है कि आम लोगों के बीच यह धारणा बनी हुई है कि कई स्थानों पर शराब की बिक्री निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दरों पर की जा रही है। इसके अलावा कुछ दुकानों पर तय समय समाप्त होने के बाद भी शराब बिक्री जारी रहने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। ज्ञापन में एक और गंभीर मुद्दा उठाया गया है। इसमें मांग की गई है कि जिले की सभी शराब दुकानों के आवंटन, लाइसेंसधारकों की स्थिति, भागीदारी संरचना और वास्तविक संचालन की स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि कहीं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से किसी एक व्यक्ति या समूह का कई दुकानों पर नियंत्रण तो नहीं है।

अधिवक्ता श्रीमती ऋतु शर्मा ने जिला प्रशासन से सभी शराब दुकानों पर कंप्यूटरीकृत बिलिंग व्यवस्था लागू करने, प्रत्येक बिक्री का डिजिटल रिकॉर्ड रखने, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कराने और कम से कम 90 दिनों तक फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश जारी करने की मांग की है। इसके अलावा शराब दुकानों पर एमआरपी, बिक्री समय, शिकायत हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन शिकायत के लिए क्यूआर कोड प्रदर्शित करने का सुझाव भी दिया गया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, ग्वालियर संभाग आयुक्त, आबकारी आयुक्त और वाणिज्यिक कर एवं आबकारी विभाग के प्रमुख सचिव को भी भेजी गई है।  

No comments: