सुरक्षा व्यवस्था एवं मशीनों के रखरखाव का लिया जायजाशिवपुरी-भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अर्पित वर्मा ने सोमवार को कठमई स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह त्रैमासिक निरीक्षण किया जाता है।
राजनीतिक दलों की उपस्थिति में हुई निरीक्षण प्रक्रिया
निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस का ताला खोला गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने ईवीएम मशीनों के भंडारण, सुरक्षा मानकों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस को पुन: सीलबंद कर सुरक्षित किया गया।
सुरक्षा मानकों के पालन पर दिया गया विशेष जोर
कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम मशीनों की सुरक्षा एवं रखरखाव संबंधी सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री यूनुस कुर्रेशी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment