शिवपुरी- शहर के होनहार खिलाड़ी देव सोनी ने आंध्र प्रदेश में आयोजित नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर जिले, शहर और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी देव ने जबलपुर में आयोजित पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।देव सोनी की सफलता के पीछे संघर्ष की एक लंबी कहानी है। उनके पिता पंकज सोनी, जो ड्राइवर का काम करते थे, का लगभग चार वर्ष पहले निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनकी मां रश्मि सोनी के कंधों पर आ गई। आर्थिक तंगी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और किराए के मकान में रहकर अपने बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी जारी रखा। आज उसी संघर्ष का परिणाम है कि देव सोनी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर परिवार, शिवपुरी और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
देव की मां रश्मि सोनी का कहना है कि आर्थिक अभाव के कारण वह अपने बेटे को वह सुविधाएं नहीं दिला पा रहीं, जो एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी को मिलनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से आग्रह किया है कि देव सोनी के खेल करियर को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग प्रदान करें, ताकि यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश के लिए और बड़े मंचों पर सफलता हासिल कर सके। देव सोनी की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखते हैं।

No comments:
Post a Comment