शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। खनिज, राजस्व, वन, पुलिस एवं परिवहन विभाग के समन्वय से गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की है। अभियान के तहत शुक्रवार को खनिज विभाग की टीम ने शिवपुरी शहर में मेडिकल कॉलेज के पीछे बड़ी कार्यवाही की है। खनिज विभाग ने मौके पर छापामार कार्यवाही करते हुए अवैध खनन में लगी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लीं। जब्त वाहनों को यातायात थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि पूरे मामले का प्रकरण कलेक्टर न्यायालय भेजने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार सरकारी मेडीकल कॉलेज के पीछे लंबे समय से लाल मुरम और पत्थरों का बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा था। खनन माफियाओं ने क्षेत्र में गहरे गड्ढे खोदकर शासकीय भूमि का स्वरूप ही बदल दिया। आशंका है कि इस अवैध कारोबार से शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन की शिकायतें पहले भी कई बार की गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से माफियाओं के हौसले बुलंद होते गए। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और खनिज विभाग ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की। खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित ने बताया कि मौके से अवैध खनन में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई हैं। मामले की जांच पूरी कर प्रकरण कलेक्टर न्यायालय भेजा जाएगा, जहां नियमानुसार जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल वाहन जब्त करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की है कि अवैध खनन के पूरे नेटवर्क का खुलासा कर इसके मास्टरमाइंड, जमीन खोदने वालों और इस कारोबार से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी जमीन की लूट और पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर स्थायी रोक लग सके।

No comments:
Post a Comment