स्वर्णकार सराफा एसोसिएशन ने रैली में सहयोग कर पुष्पवर्षा करते हुए किया स्वागतशिवपुरी। नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश देने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में भव्य नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) यांगचेन डोलकर भूटिया स्वयं मैराथन में शामिल हुईं और युवाओं सहित शहरवासियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ पोलोग्राउंड मैदान से हुआ। इसके बाद रैली एमएम चौराहा, अग्रसेन चौक, राजश्री रोड, गुरुद्वारा, माधव चौक, लक्ष्मी निवास, कमलागंज, नवग्रह मंदिर वीआईपी टर्निंग पॉइंट, गांधी कॉलोनी, अनाज मंडी, कस्टम गेट, कोतवाली के सामने, अस्पताल चौराहा एवं रोटरी चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुन: पोलोग्राउंड मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों एवं नागरिकों ने मैराथन का गर्मजोशी से स्वागत किया। अनेक स्थानों पर प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा की गई तथा जलपान एवं अन्य माध्यमों से उनका उत्साहवर्धन किया गया। शहरभर में नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो और नशा मुक्त समाज, स्वस्थ समाज जैसे संदेश गूंजते रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वर्णकार सराफा एसोसिएशन का विशेष सहयोग रहा। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सोनी एवं सराफा व्यापार संघ के अध्यक्ष तेजमल सांखला सहित संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। एसोसिएशन द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई तथा विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यांगचेन भूटिया ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशे के विरुद्ध जनजागरण अभियान में सहभागी बनने तथा अपने परिवार और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

.jpeg)

.jpeg)
No comments:
Post a Comment