---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, August 6, 2026

कोलारस वन परिक्षेत्र में अवैध खैर कटाई को लेकर बड़ी कार्यवाही, वन काटते 5 आरोपी किए गिरफ्तार


शिवपुरी-
सामान्य वनमंडल शिवपुरी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र कोलारस की संरक्षण खैरई उत्तर बीट में वन विभाग ने अवैध खैर कटाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में खैर की लकड़ी, एक बोलेरो वाहन तथा पेट्रोल चालित आरा मशीन जब्त की गई। यह कार्रवाई 3 अगस्त की रात आरएफ क्रमांक 100 में की गई। यह कार्यवाही वन मण्डलाधिकारी सुधांशु यादव के निर्देशन एवं उप वनमण्डलाधिकारी आदित्य शांडिल्य के नेतृत्व में वन परिक्षेत्राधिकारी गोपाल सिंह के द्वारा अपनी वन टीम के साथ मिलकर की गई।

वन विभाग के अनुसार मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महेंद्र यादव, अमन यादव, दीपक उर्फ दीपचंद तथा उनके अन्य साथी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 33 नग खैर के पेड़ों के कटे हुए ठूंठ पाए गए, जिनमें से 22 पेड़ों के ठूंठों को काटकर उनमें अवैध रूप से खैर की लकडिय़ां छिपाई गई थीं। इस अवैध कटाई से वन क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर भारतीय वन अधिनियम 1927, मध्यप्रदेश वृक्ष संरक्षण (वनेतर) नियम 2022 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। जब्त वाहन एवं अन्य सामग्री को भी वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोलारस वन परिक्षेत्र के उप वनमण्डलाधिकारी आदित्य शांडिल्य ने कहा है कि सामान्य वनमंडल शिवपुरी में अवैध वृक्ष कटाई एवं वन अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध कटाई या वन अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि वन संपदा का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

No comments: