केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अछरौनी आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं चमरौआ विद्युत उपकेंद्र का किया लोकार्पणशिवपुरी- पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अछरौनी में निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा चमरौआ 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया।
अछरौनी में लगभग 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो सकेगा। इसके साथ ही 1.95 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए चमरौआ 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे आसपास की लगभग 20 से 25 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। विद्युत आपूर्ति के अधिक सुचारु, सुदृढ़ एवं विश्वसनीय होने से आम नागरिकों के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ सरकार गांव, गरीब, किसान और आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यागचेंन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, पूर्व विधायक भैया साहब लोधी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय ऋषिश्वर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment