---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, August 6, 2026

मुख्य बाजार की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर कैट संस्था ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन


शिवपुरी।
शहर के मुख्य बाजार की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या को लेकर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) शिवपुरी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कैट मध्यप्रदेश पवन जैन (पी.एस.) से चर्चा उपरांत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के प्रमुख बाजारों में लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों का शीघ्र निर्माण एवं कोर्ट रोड के नवीन डामरीकरण की मांग उठाते हुए जल्द कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया।

प्रमुख बाजार की यह समस्याएँ रखी ज्ञापन में
ज्ञापन में बताया गया कि सदर बाजार से कस्टम गेट तक का मार्ग, इसी मार्ग पर स्थित राठौर मोहल्ले की सड़क, प्रगति बाजार की मुख्य सड़क तथा कोर्ट रोड अत्यंत जर्जर एवं गड्ढों से भरे हुए हैं। इन सड़कों के कारण व्यापारियों, आम नागरिकों एवं राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कैट पदाधिकारियों ने सीएमओ से इन मार्गों का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं कोर्ट रोड का नवीन डामरीकरण कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान सीएमओ के कार्यभार संभालने के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और उन्हें विश्वास है कि जनहित के इस महत्वपूर्ण कार्य को भी प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य बाजार के व्यापारियों ने भी अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। कृष्ण मोहन (बंटी काका), रमन अग्रवाल एवं गौरव खंडेलवाल ने बाजार क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं की जानकारी देते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।

प्रतिनिधि मंडल में यह रहे मौजूदा
प्रतिनिधिमंडल में कैट के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन जैन (पी.एस.), जिला अध्यक्ष गंगाधर गोयल, जिला महासचिव सौरभ सांखला, जिला कोषाध्यक्ष गिरीश जैन, जिला संगठन मंत्री गोपेन्द्र जैन ,सुनील बिसानी, पवन शर्मा, रघुवीर गुप्ता, अर्पित बंसल एवं राजेंद्र राठौर सहित अन्य व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से सभी ने नगर पालिका से जनहित में शीघ्र सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।

No comments: