सेवा भारती के सुपोषण जागरण अभियान का हुआ समापनशिवपुरी। सेवा भारती शिवपुरी द्वारा 6 सितंबर से आयोजित किए जा रहे सुपोषण जागरण अभियान का समापन कार्यक्रम मंगलवार को संस्कार पब्लिक स्कूल, शिवपुरी में गरिमामय रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जी जैन, मुख्य वक्ता माननीय श्री राजेश जी गोयल, जिला संघचालक, विशिष्ट अतिथि विद्यालय के डायरेक्टर श्री गोपेंद्र जी जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर सेवा भारती के अध्यक्ष श्री मुकेश जी जैन ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर मातृशक्ति द्वारा स्वागत किया अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्री देवेंद्र जी जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा भारती द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अनेक सेवा कार्य किए जा रहे हैं। जनजातीय समाज के बच्चों के लिए छात्रावास का संचालन भी सेवा भारती का महत्वपूर्ण सेवा कार्य है। इसी प्रकार सुपोषण जागरण अभियान समाज में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता लाने की एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि हम सभी मंदिर जाते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं, यह भी एक प्रकार की सेवा है, लेकिन समाज के ऐसे बच्चे जो पिछड़े और वंचित हैं, उनका हाथ पकड़कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करना ही सच्ची सेवा है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भी कुपोषण को दूर करने के लिए अनेक योजनाएं एवं प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में समाज के सभी लोगों को मिलकर इन प्रयासों में सहयोग करना चाहिए तथा समाज परिवर्तन के कार्य में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।
मुख्य वक्ता श्री राजेश जी गोयल ने भी सुपोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सेवा एवं जागरूकता के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सेवा भारती की महिला कार्यकर्ताओं सहित नगर एवं जिला सेवा भारती के अनेक कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती विनीता जैन जी द्वारा किया गया इस अवसर पर श्रीमती शर्मिला बंसल श्रीमती कल्पना सोनी श्रीमती साधना खंडेलवाल श्रीमती सुधा मंगल श्रीमती शैली जी विरमानी श्री गोविंद जी बंसल श्री जयंत जी बक्षी श्री शैलेश जी विरमानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment