शिवपुरी/पिछोर- जिले के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पिछोर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। भैया-बहनों की भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रीतम लोधी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं भगवान श्रीकृष्ण के पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में अतिथि परिचय विद्यालय के प्राचार्य राजेश सक्सेना द्वारा कराया गया। इसके पश्चात व्यवस्थापक जी एवं समिति परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया गया।कार्यक्रम की रूपरेखा व्यवस्थापक द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात भैया-बहनों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण के स्वरूप तथा श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनमोहक झांकियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सुनीता गुप्ता दीदी द्वारा प्रभावी एवं रोचक ढंग से किया गया। उनके कुशल संचालन ने पूरे कार्यक्रम को क्रमबद्ध एवं आकर्षक बनाए रखा। मुख्य अतिथि विधायक प्रीतम लोधी ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने भैया-बहनों की सुंदर प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश सक्सेना जी द्वारा आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, समिति परिवार, आचार्य-दीदी, भैया-बहनों एवं उपस्थित सभी अभिभावकों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। सम्पूर्ण विद्यालय परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ श्रीकृष्ण जी की आरती के साथ जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment