---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, September 4, 2026

श्रीमद्भागवत कथा में गूंजे नंद के घर आनंद भयो के जयकारे



बांकड़े हनुमान मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ वातावरण, श्रद्धालु झूम उठे

शिवपुरी। शहर से करीब 10 किमी दूर स्थित बांकड़े हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही कथावाचक बांकडे हनुमान मंदिर महंत डॉ गिरीश जी महाराज के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का वर्णन किया, पूरा कथा पंडाल भगवान कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।

इस दौरान कृष्ण जन्म प्रसंग के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर नजर आए। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कथा स्थल पर नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जैसे जयकारों के साथ भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। श्रीमद्भागवत कथा की कथा यजमान श्रीमती आशा हरिशंकर अग्रवाल (ठेइया) हैं। आयोजन में उनके परिजन हरिशंकर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल एवं अशोक अग्रवाल सहित मुख्य संयोजक अजीत अग्रवाल (ठेइया) द्वारा व्यवस्थाओं को संभाला जा रहा है।

कथा के दौरान मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष विष्णु गुप्ता (पिपरघार वाले), रामजीलाल बंसल, निर्मल गुप्ता, पार्षद गौरव सिंघल, घनश्याम गुप्ता (तिगरी वाले), अग्रवाल समाज के पूर्व महामंत्री विकास गोयल, समाजसेवी राजू गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।कथा आयोजक परिवार ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 1 सितंबर से 8 सितंबर तक किया जा रहा है। कथा के आगामी प्रसंगों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की सहभागिता बनी हुई है और पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आ रहा है।

No comments: