संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेशशिवपुरी-सेवा भारती शिवपुरी द्वारा सुपोषण भारत अभियान के अंतर्गत आज विद्यापीठ में अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शिवपुरी डॉ. संजय ऋषिश्वर, विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधक पवन शर्मा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती जिला उपाध्यक्ष शैलेश विरमानी ने की।
इस अवसर पर ओम बंसल सहित सेवा भारती एवं विद्यालय परिवार के अनेक कार्यकर्ता एवं शिक्षक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात सेवा भारती शिवपुरी के विभाग समन्वयक अर्जुन सिंह दांगी द्वारा उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया गया। अतिथियों का स्वागत सेवा भारती छात्रावास के पूर्व छात्र राम कुमार आदिवासी एवं सहायक अधीक्षक अनुज मुद्गल द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय ऋषिश्वर ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हम सभी को अपने आहार को व्यवस्थित एवं संतुलित रूप से लेने की आवश्यकता है। भोजन के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना भी आवश्यक है, जिससे अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारे भोजन में विभिन्न रंगों की मौसमी सब्जियों एवं फलों को शामिल करना चाहिए, ताकि शरीर को आवश्यक विटामिन एवं पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो सकें।
डॉ. ऋषिश्वर ने कहा कि सेवा भारती एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सुपोषण भारत अभियान को व्यापक एवं प्रभावी स्तर पर संचालित करने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शैलेश विरमानी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सेवा भारती जिला सह सचिव उत्तम सिंह कुशवाहा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य लोकेन्द्र मेवाड़ा, विद्यालय के सह-प्रबंधक जितेन्द्र परसाई, शिक्षक बंधु एवं सेवा भारती के कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सुपोषण भारत अभियान का उद्देश्य समाज में संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना है।

.jpeg)

No comments:
Post a Comment