---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, October 18, 2026

चाँदनी चौक में नवरात्रि की गूंज, माँ के दरबार में सजीं भव्य झांकियाँ


शिवपुरी/पिछोर
- जिले के पिछोर नगर में 1977 से चली आ रही परंपरा, स्वर्ण जयंती वर्ष पर बारह ज्योतिर्लिंग और माँ के नौ रूपों के दर्शन हो रहे हैं। नगर के चाँदनी चौक मोहल्ले में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां वर्ष 1977 से लगातार माँ दुर्गा का भव्य पंडाल सजाने की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष आयोजन के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर माँ के दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जहां भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर चाँदनी चौक स्थित माँ के पंडाल में बारह ज्योतिर्लिंगों और माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों एवं भैरों बाबा की आकर्षक झांकियां सजाई जा रही हैं। इन झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में दर्शन का अवसर मिल रहा है। नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। नगर में नवरात्रि पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में चाँदनी चौक के साथ कनकने मोहल्ला, पंडा मोहल्ला, नृसिंह मंदिर मोहल्ला, काली माता मंदिर, राजा महादेव, जोशी मोहल्ला, नई बस्ती, हनुमान बाग कॉलोनी, शिवपुरी रोड रोड, रन्नोद रोड काली माता मंदिर के पास, बड़ा बाजार  और नरिया मोहल्ला वाल्मीकि मोहल्ला सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में माँ दुर्गा के भव्य पंडाल सजाए गए हैं। नवरात्रि के दौरान माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। जगह-जगह सजे पंडालों में धार्मिक आयोजन और पूजा-अर्चना से पूरा नगर भक्तिमय नजर आ रहा है। चाँदनी चौक का यह आयोजन अपनी वर्षों पुरानी परंपरा और स्वर्ण जयंती वर्ष के कारण इस बार विशेष महत्व रखता है।

आस्था, परंपरा और सेवा का संगम
चाँदनी चौक में वर्ष 1977 से चली आ रही माँ दुर्गा की आराधना की परंपरा आज भी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है। स्वर्ण जयंती वर्ष के आयोजन ने इस धार्मिक उत्सव को और खास बना दिया है। भव्य झांकियों, माँ के नौ स्वरूपों, बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और प्रतिदिन आयोजित भंडारे के माध्यम से भक्तिभाव और सेवा का संदेश दिया जा रहा है।

No comments: