---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, May 23, 2022

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित, नगरीय निकायों में वार्डो के आरक्षण आज


शिवपुरी-
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा के लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति, सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आज सोमवार को आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर श्री उमेश प्रकाश शुक्ला सहित डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी एवं कर्मचारी जो अपने कार्य में सुधार नहीं कर रहे है, उनके विरूद्ध कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता से दूरभाष पर चर्चा करें। उसकी शिकायत को सुनें और शिकायत के निराकरण के संबंध में आवश्यक समझाईस दें। निराकरण योग्य न होने पर भी शिकायतकर्ता को उसका कारण बताया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी भी अपने हेल्थ कार्ड बनवाए।

उन्होंने निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आवास योजना संबंधित शिकायतों तथा शासकीय भूमि पर कब्जा संबंधित शिकायतों का निराकरण शीघ्र करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का निराकरण संतुष्टि पूर्वक समय रहते करें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी शिकायतें शत-प्रतिशत निराकृत हों, कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। उन्होंने समाधान ऑनलाइन शिकायतों की समीक्षा की और शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में आयुष्मान कार्ड, अंकुर अभियान, ममता अभियान, मातृ एवं बाल मृत्यु की समीक्षा, प्रधानमंत्री आवास कुटीर स्वीकृति, पी.एम.स्वनिधि, लोक सेवा प्रबंधन, सोलर एनर्जी, सी.एम.कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना, सूचना का अधिकार, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, हाई कोर्ट अवमानना प्रकरण, पेंशन, नवाचार, अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों की भी समीक्षा की।

जनसुनवाई में आने वाले हितग्राहियों के लिए लगेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि 24 मई मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। आयोजित जनसुनवाई में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जाए। जिससे शिकायत लेकर आने वाले हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य लाभ दिलाया जा सके। इस संबंध में उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

मतदान केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकारियों द्वारा लिया जाएगा जायजा
शिवपुरी-नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी क्षेत्रांतर्गत आपके विभाग के अधीन शासकीय कार्यालय अथवा भवन में मतदान केन्द्र स्थापित है। उन मतदान केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रकाश शुक्ला ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए मतदान केन्द्रों में उपलब्ध सुविधायें जैसे भवन की स्थिति, रेम्प, जल, प्रकाश, शौचालय, आदि का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। आवश्यक होने पर भवन की मरम्मत आदि कार्य भी शीघ्र संपन्न कराए जाएगें। ऐसे कार्यालय अथवा भवन जिसमें मतदान केन्द्र स्थापित है, उनको प्रतिदिन खुला रखने के लिए अधीनस्थ किसी एक कर्मचारी को नियुक्त करना सुनिश्चित करें, ताकि मतदान केन्द्रों के निरीक्षण में बाधा उत्पन्न न हो।


जिले की नगरीय निकायों में वार्डो के आरक्षण संबंधी कार्यवाही आज
शिवपुरी-जिले की नगरीय निकाय करैरा, पिछोर, खनियांधाना, कोलारस, शिवपुरी, बदरवास एवं बैराढ़ के वार्डों में आरक्षण की कार्यवाही 24 मई को प्रात: 11 बजे से शासकीय पी.जी.कॉलेज प्रांगण शिवपुरी में की जाएगी। इस कार्यवाही में जो भी नागरिक उपस्थित रहना चाहे वह उपस्थित रह सकते है।

No comments: