---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, September 16, 2025

जनसुनवाई में सुमित्रा आदिवासी की शिकायत का हुआ तत्काल निराकरण, कलेक्टर ने दिए नियुक्ति आदेश


शिवपुरी-
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण हेतु तत्परता दिखाई। इसी क्रम में खनियांधाना परियोजना अंतर्गत आदिवासी मोहल्ला आंगनवाड़ी केंद्र की सहायिका पद पर चयनित सुमिता आदिवासी ने अपनी शिकायत कलेक्टर के समक्ष रखी।

सुमित्रा ने बताया कि उसका चयन तो हो गया है, किन्तु ज्वाइनिंग नहीं हो पाई क्योंकि किसी व्यक्ति द्वारा उससे रुपए की मांग की जा रही है। इस पर कलेक्टर ने तुरंत दूरभाष पर संबंधित अधिकारी से चर्चा की और तत्काल कार्रवाई करते हुए सुमित्रा का नियुक्ति आदेश मंगवाकर वहीं जनसुनवाई में उसके हाथों में सौंपा। कलेक्टर ने उसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए। आदेश मिलने पर सुमित्रा ने कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। जनसुनवाई में इस अवसर पर कुल 250 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एसडीएम आनंद राजावत, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना, जमीन के सीमांकन, बिजली बिल कम कराने, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, नामांकन, बंटवारा, रास्ते पर से अतिक्रमण हटवाने, नालियों की साफ-सफाई करने सहित अन्य आवेदन पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

No comments: