---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, April 1, 2026

पीएम-जनमन आवास योजना में लापरवाही पर कलेक्टर की कार्यवाही, 2 अधिकारी निलंबित, 2 का वेतन राजसात


शिवपुरी।
 पीएम-जनमन आवास योजना में सुस्त रफ्तार और लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि दो अन्य का वेतन राजसात करने के आदेश जारी किए हैं।

दरअसल, हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में आवास निर्माण कार्यों की प्रगति और पूर्णता की स्थिति की गहन जांच की गई थी। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जिन हितग्राहियों को तीसरी किश्त जारी हो चुकी है, उनके आवास निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूर्ण कराए जाएं। इसके बावजूद कई स्थानों पर कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल पाया। समीक्षा में जिन अधिकारियों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब और सुधार न मिलने पर कलेक्टर ने कड़ा कदम उठाया। कार्रवाई के तहत गोपाल कृष्ण शर्मा सहायक ग्रेड-3 जनपद पंचायत कोलारस और जयराम भगत पीसीओ जनपद पंचायत खनियाधाना को निलंबित किया गया है। वहीं, नीतेश गुप्ता उपयंत्री जनपद पंचायत पोहरी और राजकुमार धाकड़ उपयंत्री जनपद पंचायत खनियाधाना का 10-10 दिन का वेतन राजसात किया गया है। कलेक्टर की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि विकास कार्यों में लापरवाही और ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचाना ही प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments: