---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, June 4, 2026

सूर्यांश फाउण्डेशन ट्रस्ट द्वारा एसबीआई स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र में किया आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन





शिवपुरी
- सूर्याश आयुर्वेदा फाऊंडेशन ट्रस्ट शिवपुरी द्वारा 2 जून 2026 को एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र, शिवपुरी में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रशिक्षणार्थियों के लिए आयुर्वेद स्वास्थ्य एवं चिकित्सा परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 32 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार परामर्श एवं निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का लाभ प्राप्त किया।

शिविर का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि एवं मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र के निर्देशक डी.पी. शर्मा तथा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलकमल द्वारा किया गया। शिविर के दौरान डॉ. नीलकमल ने सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं उपस्थित महिला स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार संबंधी परामर्श प्रदान किया। साथ ही परंपरागत घरेलू उपचार एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान सूर्याश आयुर्वेदा फाऊंडेशन ट्रस्ट द्वारा जैव विविधता एवं पक्षी संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियान का भी प्रदर्शन किया गया। ट्रस्ट के संस्थापक  दिनेश कुमार गौड़ ने अनुपयोगी सामग्री से निर्मित पक्षियों के घोंसले, दाना-पानी पात्र एवं झूलों का प्रदर्शन करते हुए बताया कि छोटे-छोटे प्रयासों से पक्षियों का संरक्षण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बेकार सामग्री का पुनः उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय तैयार किया जा सकता है 

ट्रस्ट मित्र श्रीमती निधि शर्मा ने उपस्थित सभी लोगों से पक्षियों के संरक्षण के लिए आगे आने और उनके भोजन, पानी एवं आश्रय की व्यवस्था करने की अपील की और आसपास के क्षेत्र में पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार  करने का आग्रह किया       ट्रस्ट संस्थापक  दिनेश कुमार गौड़ द्वारा निदेशक  डी.पी. शर्मा एवं आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलकमल शाक्य को पक्षियों के लिए तैयार किए गए घोंसले, दाना-पानी पात्र, दाना एवं झूले का एक-एक सेट भेंट किया गया।

अपने संबोधन में निर्देशक डी.पी. शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा परामर्श तथा घरेलू उपचार संबंधी उपयोगी जानकारियों का लाभ प्राप्त हुआ है, जो उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं जीवनशैली के लिए सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए ट्रस्ट परिवार का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।

शिविर में प्रशिक्षण केंद्र के संपूर्ण स्टाफ सहित ट्रस्ट की ओर से संस्थापक  दिनेश कुमार गौड़, सचिव  सीताराम पाठक, कोषाध्यक्ष संदीप पाठक, संचालक  हरिदास कोटिया,मधुर श्रीवास्तव,ट्रस्ट मित्र श्रीमती निधि शर्मा, रामकुमार केवट, कुमारी कनिष्का कुशवाहा, कुमारी महक गुप्ता एवं अन्य ट्रस्ट सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के संस्थापक-अध्यक्ष  दिनेश कुमार गौड़ ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षण केंद्र के निर्देशक  डी.पी. शर्मा एवं जिला आयुष अधिकारी शिवपुरी अनिल वर्मा द्वारा प्राप्त सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और पर्यावरण संरक्षण के लिए ट्रस्ट भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

No comments: