---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, June 1, 2026

राष्ट्रभक्ति और चरित्र निर्माण से ही भारत सुरक्षित और गौरवशाली बनेगा : रूपेश कुमार




संघ शिक्षा वर्ग के प्रकट उत्सव कार्यक्रम संपन्न, स्वयंसेवकों के दंड-घोष एवं योग प्रदर्शन ने मोहा मन

शिवपुरी-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य भारत प्रांत के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (विद्यार्थी) के अंतर्गत सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय, फतेहपुर में आयोजित प्रांतीय वर्ग के प्रकट उत्सव कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण और सामाजिक संगठन का कार्य देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य रूपेश कुमार ने उपस्थित महानुभावों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ की सामान्य सी दिखाई देने वाली शाखा ने देश में असामान्य कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन सज्जन शक्ति की सक्रियता से ही संभव है। संघ द्वारा चलाए जा रहे पंच परिवर्तन विषयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाज के जागरूक लोगों से इन विषयों पर संगठित और सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संत श्री ददरौआ सरकार पीठाधीश्वर ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले स्वयंसेवकों को आर्शीवचन देते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में 15 दिन सुविधाओं को त्याग कर दण्ड, योग, बौद्धिक, गीत, राष्ट्र भक्ति के गुण सीखे वह किसी तपस्या से कम नहीं हैं। प्रांत भर से आए स्वयंसेवकों ने सीमित संसाधनों के बीच अनुशासन पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं को समाज सेवा के लिए तैयार किया है, जो अत्यंत प्रेरणादायी है। कार्यक्रम से पूर्व ध्वज प्रणाम एवं प्रार्थना का आयोजन किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने 15 दिनों में प्राप्त प्रशिक्षण का दंड, घोष, योग एवं गीत के माध्यम से आकर्षक प्रदर्शन किया। अनुशासित एवं प्रभावी प्रस्तुति को देखकर उपस्थित जनसमुदाय मंत्रमुग्ध हो गया तथा पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण दिखाई दिया। कार्यक्रम में मंच पर विभाग संचालक डॉ. गोविंद सिंह, जिला संचालक राजेश गोयल, वर्ग अधिकारी पवन पाठक, सर्व वर्ग अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments: