---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, July 22, 2026

एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के द्वारा गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित




विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित

शिवपुरी-नशा से दूरी है ज़रूरी के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत बुधवार को गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल, शिवपुरी में एक विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना था। यह जागरूकता कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक, जिला शिवपुरी, श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक (एसडीओपी) सचिन कुमार धुर्वे, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विद्यालय की कक्षा 7वीं से 11वीं तक के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित आकर्षक ड्रॉइंग एवं जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों की सराहना करते हुए उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और उनका प्रत्येक निर्णय उनके भविष्य का निर्माण करता है।

 उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अच्छे संस्कार, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच को अपने जीवन का आधार बनाएं, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें तथा स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य श्रीमती कीर्ति चावला, विद्यालय प्रबंधन बोर्ड के सदस्य अजय राज सक्सेना, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

No comments: