---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, August 31, 2026

दक्ष प्रजापति जयंती पर भव्य शोभायात्रा 7 सितंबर को, शामिल होंगे मंत्री, विधायक, समाज की प्रतिभाएं भी होंगी सम्मानित



गांधी पार्क से निकलेगी महाराज दक्ष की शोभायात्रा, माटीकला की आकर्षक झांकियां रहेंगी मुख्य आकर्षण

शिवपुरी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजा दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर प्रजापति समाज द्वारा शिवपुरी में आगामी 7 सितंबर को महाराज दक्ष की भव्य शोभायात्रा का आयोजन जिला मुख्यालय पर किया जा रहा है। जिसमें शोभा यात्रा के समापन पर गांधी पार्क मानस भवन में प्रजापति समाज की मेधावी छात्र छात्राएं जिन्होंने वर्ष 2026 में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किया हैं उन सभी प्रतिभाओं को मंच से अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया जाएगा। प्रतिभा सम्मान और इस भव्य शोभायात्रा को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है।

आयोजन में प्रजापति समाज की प्रतिभा एवं उप्र के स्वतंत्र राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति सहित समाज के उप्र के हमीरपुर से विधायक मनोज प्रजापति, मप्र के रीवा से विधायक नरेंद्र प्रजापति, पूर्व विधायक चंदला राजेश प्रजापति, काशी बाबा ट्रस्ट अध्यक्ष ग्वालियर प्रहलाद प्रजापति एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा के मुख्य संयोजक अखिल भारतीय प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरज्ञान प्रजापति रहेंगे। आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

गांधी पार्क से शुरू होगी शोभायात्रा

आगामी 7 सितंबर को शोभायात्रा गांधी पार्क से प्रारंभ होकर लक्ष्मीनिवास, एबी रोड, माधव चौक होते हुए गुरुद्वारा की परिक्रमा करेगी और राजेश्वरी रोड से होते हुए अग्रसेन चौक होकर, अस्पताल चौराहे से होकर कोर्ट रोड होकर, गांधी चौक से मिलते हुए न्यू ब्लॉक से पुन: गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

माटीकला की झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में प्रजापति समाज की पारंपरिक माटीकला एवं कुम्हार कला से जुड़ी आकर्षक झांकियां विशेष रूप से शामिल की जाएंगी। झांकियों के माध्यम से समाज की समृद्ध परंपरा, कला और संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी।

समाज बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान

प्रजापति समाज के समाजसेवी सूरज प्रजापति, अमर सिंह प्रजापति, कल्याण प्रजापति, पवन प्रजापति, कोमलिया प्रजापति, काशीराम प्रजापति, कोमल प्रजापति, गणेश प्रजापति, प्रदीप प्रजापति, सुनील प्रजापति, दाताराम प्रजापति सहित समस्त प्रजापति समाज ने समाज के सभी बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महाराज दक्ष की शोभायात्रा में शामिल हों और आयोजन को सफल बनाएं। समाज के अध्यक्ष सहित समस्त कार्यकारिणी, वरिष्ठजन, माता-बहनें एवं समाज के युवा इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। समाजजनों ने शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।

No comments: