कचरे से खजाना थीम पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही आकर्षण का केन्द्र, भारतीय पारंपरिक प्रदर्शनी भी लगीशिवपुरी। ईस्टर्न हाइट्स पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने हेतु ग्रीन डे एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा पर्यावरण को स्वच्छ और हरित बनाने का संकल्प लिया। ग्रीन डे एवं वृक्षारोपण अभियान का यह कार्यक्रम इनर व्हील क्लब के द्वारा आयोजित किया गया जिसमें इनरव्हील क्लब अध्यक्ष श्रीमती संगम अग्रवाल, सचिव श्रीमती रेनू गोयल एवं सदस्य श्रीमती नीतू गोयल, श्रीमती कविता बिंदल, श्रीमती ममता जैन, श्रीमती निधि गोयल तथा श्रीमती मोना अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण कर उन्हें प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान विद्यालय संचालक सुबोध अरोरा और श्रीमती नीलम अरोरा एवं समस्त स्कूल स्टाफ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम ने सभी को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। क्लब की सदस्याओं और बच्चों ने मिलकर 50 से अधिक पेड़ लगाए। इनमें नीम, आम, जामफल के साथ-साथ फूलों के छोटे पौधे और छायादार बड़े पौधे भी शामिल रहे। प्रत्येक रोपे गए पौधे को पेड़ मित्र का नाम देकर उसकी देखभाल एवं हरियाली बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
क्लब द्वारा बच्चों को पॉट में लगे छोटे पौधे उपहार स्वरूप दिए गए ताकि वे घर पर उनकी देखभाल कर सकें। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कचरे से खजाना थीम पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही, जिसमें बच्चों ने कचरे, पॉलीथिन और अखबार से बेहद सुंदर और रचनात्मक ड्रेस बनाकर मंच पर प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपनी ड्रेस के माध्यम से प्रकृति को बचाने और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश दिया। इसके साथ ही प्रसिद्ध भारतीय पारंपरिक प्रदर्शनी भी लगाई गई। आयोजन में विद्यालय प्राचार्य नीलम अरोरा का विशेष सहयोग रहा। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।



No comments:
Post a Comment