---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, August 5, 2026

शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में स्तनपान जागरूकता सप्ताह का आयोजन


6 माह तक केवल स्तनपान पर दिया जोर,  बाल अकादमी ने शिशु वार्ड में माताओं को दी जानकारी

शिवपुरी। बाल अकादमी शाखा शिवपुरी द्वारा शासकीय स्वर्गीय राजमाता सिंधिया शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के शिशु रोग वार्ड में स्तनपान जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वार्ड में भर्ती बच्चों की माताओं को डॉ निसार अहमद अध्यक्ष बाल अकादमी, डॉ प्रियंका विभागाध्यक्ष शिशु रोग विभाग और डॉ राजेंद्र पवैया ने स्तनपान का महत्वए लाभ और सही तरीके के बारे में विस्तार से बताया।

विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म के एक घंटे के अंदर शिशु को स्तनपान शुरू कर देना चाहिए। शिशु को 6 माह तक अनिवार्य रूप से केवल स्तनपान कराना चाहिए। 6 माह के बाद शिशु को अर्ध ठोस आहार देना चाहिए और स्तनपान जारी रखना चाहिए। शिशु को कम से कम 2 वर्ष तक मां का दूध पिलाना चाहिए। जब भी आवश्यकता हो स्तनपान कराना चाहिए और शिशु को स्तन से सही तरीके से लगाना चाहिए। डॉक्टरों ने कहा कि मां का दूध अमृत के समान है। यह शिशु के लिए सम्पूर्ण पोषण होता है और उसे रोगों से लडऩे की क्षमता देता है। स्तनपान कराने से माताओं को भी कई फायदे होते हैं। इससे बच्चेदानी शीघ्र सामान्य अवस्था में आ जाती है। 

गर्भाशय और अंडाशय के कैंसर जैसे गंभीर रोगों से बचाव होता है। मां का शरीर स्वस्थ रहता है और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। साथ ही समय और पैसे की बचत होती है। स्तनपान के दौरान गर्भ धारण की संभावना भी कम हो जाती है। कार्यक्रम में उपस्थित माताओं ने जानकारी को उपयोगी बताया और कई सवाल भी पूछे। बाल अकादमी ने कहा कि जिले में स्तनपान को बढ़ावा देने के लिए आगे भी जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

No comments: