शिवपुरी। समाजसेवी संस्था भारत विकास परिषद शाखा विवेकानंद द्वारा आयोजित संस्कृति सप्ताह के अंतर्गत चतुर्थ दिवस पर बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लक्ष्मी निवास के पास स्थित हरिओम मोबाइल पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ मोबाइल व्यवसाय एवं दुकानदारी के आवश्यक गुण भी सिखाए गए। लगभग दो माह से संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बच्चों ने मोबाइल रिपेयरिंग की बारीकियां सीखीं।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात सभी बच्चे अब अपनी-अपनी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान शुरू करने के लिए तैयार हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को हुनर प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन संस्कृति सप्ताह के चतुर्थ दिवस पर किया गया। संयोग से आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व भी है। परिषद के सदस्यों का मानना है कि बच्चों को हुनर देकर उनके जीवन में आत्मनिर्भरता का मार्ग खोलने से बेहतर इस शुभ कार्य के लिए कोई दिन नहीं हो सकता। इस अवसर पर श्रीमती गरिमा जैन, श्रीमती सोनम जैन, श्रीमती रानू बंसल, श्रीमती रजनी गुप्ता, श्रीमती अंकित जैन, श्रीमती राधिका मंगल एवं श्रीमती रानी गोयल की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment