खरई, रायचंद खेड़ी और कमलागंज बस्ती में लगे नेत्र शिविर, जरूरतमंदों को दवाइयां और परामर्श
शिवपुरी। विश्व नेत्र दिवस के अवसर पर सेवा भारती शिवपुरी एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष नेत्र परीक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान खरई, रायचंद खेड़ी एवं कमलागंज सेवा बस्ती में शिविर लगाए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं जरूरतमंद मरीजों ने अपनी आंखों की जांच कराई। शिविरों का उद्देश्य नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर समस्याओं की पहचान करना रहा। चिकित्सकों द्वारा मरीजों की विस्तृत जांच कर आवश्यकता अनुसार उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। तीनों शिविरों में कुल 305 मरीजों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 22 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया है। इनके उपचार एवं ऑपरेशन की आगामी व्यवस्था की जाएगी। वहीं 55 मरीजों को चश्मे के लिए चिन्हित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. आर.के. श्रीवास्तव, डॉ. खान मोहम्मद एवं डॉ. विकास शर्मा ने सेवाएं दीं। इस दौरान सेवा भारती के विभाग समन्वयक अर्जुन सिंह दांगी, जिला अध्यक्ष यशपाल रावत, जिला उपाध्यक्ष शैलेश बिरमानी, जिला सचिव जयंत बक्षी एवं जिला संयोजिका साधना खंडेलवाल उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment