संचालक खेल चंचल शेखर के निर्देश पर शुरू हुई पहल, 4 नवंबर 2026 तक चलेगा कार्यक्रमशिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश के संचालक चंचल शेखर के निर्देशानुसार ग्वालियर-चंबल संभाग के समस्त युवा समन्वयकों के लिए ऑनलाइन योग एवं ध्यान कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शिवपुरी से की गई। शिवपुरी से पहली बार इस प्रकार की संभाग स्तरीय पहल प्रारंभ की गई है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस कुल 85 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। यह कार्यक्रम 4 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में ग्वालियर-चंबल संभाग के ब्लॉक के समस्त युवा समन्वयक ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उनके ब्लॉक के सहयोगियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक सपना शर्मा एवं सुभाषिनी ने प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का संचालन युवा समन्वयक कमल सिंह बाथम ने किया। जिले की पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही तथा जिला खेल अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने सम्पूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित किया। पुलिस अधीक्षक महोदय जी ने योग एवं ध्यान से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवा समन्वयकों को योग एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को इन गतिविधियों से जोडऩे के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य योग को केवल किसी विशेष आयोजन तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन की नियमित गतिविधि बनाना है। योग एवं ध्यान के अभ्यास से युवाओं में अपनी दिनचर्या के प्रति जागरूकता, बेहतर एकाग्रता और स्वस्थ आदतों के विकास को प्रोत्साहित किया जा सकता है। खेलों से जुड़े युवाओं के लिए भी योग शरीर के लचीलेपन, संतुलन, श्वास नियंत्रण और मानसिक तैयारी में सहायक हो सकता है।
4 नवंबर तक जारी रहेगा कार्यक्रम
यह ऑनलाइन कार्यक्रम 4 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके माध्यम से ग्वालियर-चंबल संभाग के युवा समन्वयकों एवं उनके सहयोगियों को योग एवं ध्यान से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में योग के प्रचार-प्रसार को आगे बढ़ा सकें। खेल एवं युवा कल्याण विभाग शिवपुरी की यह पहल युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच एवं अनुशासन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिवपुरी से शुरू हुआ यह कार्यक्रम योग को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं के सर्वांगीण विकास में योगदान देने की दिशा में प्रयासरत है।

No comments:
Post a Comment