---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, October 26, 2026

लीग मुकाबलों के बाद तस्वीर साफ, क्रिकेट के सेमीफाइनल में ग्वालियर की इंदौर से तो भोपाल की नर्मदापुरम से होगी भिड़ंत



नेटबॉल में बालक-बालिका दोनों वर्गों में मेजबान ग्वालियर की टीम पहुंची सेमीफाइनल में

शिवपुरी। शहर के सांदीपनी स्कूल और श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में 23 अक्टूबर से जारी 70 वी राज्य स्तरीय क्रिकेट और नेटबॉल प्रतियोगिता अब खिताबी मुकाबलों की ओर बढ़ रही है। सोमवार को दोनों ही खेलों के सभी लीग मुकाबले पूरे होने के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार सुबह 8.30 बजे मैदान क्र. 1 पर पहला सेमीफाइनल मेजबान ग्वालियर और इंदौर के बीच खेला जाएगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल मैदान क्र. 2 पर भोपाल व नर्मदापुरम के बीच आयोजित होगा। सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच फाइनल मुकाबला मंगलवार दोपहर 1 बजे मैदान क्र. 1 पर आयोजित होगा। इधर नेटबॉल के सेमीफाइनल मुकाबलों की बात करें तो मंगलवार को बालक वर्ग में पहला सेमीफाइनल इंदौर रीवा के बीच होगा जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान ग्वालियर की टीम भोपाल से भिड़ेगी। 

मंगलवार को ही बालिका वर्ग में पहले सेमीफाइनल में ग्वालियर का इंदौर के साथ मुकाबला होगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल भोपाल व रीवा के बीच खेला जाएगा। सोमवार शाम जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन में जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने मंगलवार को होने वाले खिताबी मुकाबलों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान प्रमुख रूप से नेशनल रैफरी यादवेन्द्र सिंह चौधरी, अजय बाथम, मनोज गुप्ता, राजू जाट, संस्कार मिश्रा, शिवनाथ सिंह बैस सहित अन्य समितियों के सदस्य मौजूद रहे। 

क्रिकेट में ग्वालियर भोपाल ने जीते आखिरी लीग मैच भी

प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि मैदान क्रमांक 1 पर प्रभारी अजय बाथम के निर्देशन में पहला मैच उज्जैन व इंदौर के बीच आयोजित हुआ। जहां इंदौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 83 रन बनाए। जबाव में उतरी उज्जैन की टीम 12 ओवर में 48 रन ही बना सकी। इसी मैदान पर दूसरा मुकाबला मेजबान ग्वालियर व जनजातीय कार्य विभाग के बीच खेला गया। ग्वालियर से टॉच जीतकर बल्लेबाजी चुनी और 12 ओवर में 90 रन का स्कोर खड़ा किया। सर्वाधिक 29 रन लावाण्या ने बनाए। पीछा करने उतरी जनजातीय कार्य विभाग की टीम 12 ओवर में 80 रन ही बना सकी। मैच में एम्पायरिंग कमल बाथम व सौरभ चंदेल ने की जबकि स्कोरर प्रज्ञा तोमर थीं। इसी तरह मैदान क्र. 2 पर प्रभारी मनोज गुप्ता के निर्देशन में पहला मुकाबला भोपाल व जबलपुर के बीच खेला गया। जबलपुर ने 64 रन का लक्ष्य रखा जिसे भोपाल की टीम ने आर्या के 43 नाबाद रनों की बदौलत आसानी से हासिल कर लिया। वहीं दूसरे मुकाबले में जबलपुर ने 132 रन का लक्ष्य रखा जबाव में उतरी रीवा की टीम 68 रन ही बना सकी। 


No comments: