---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, October 9, 2026

पहली बार टाइम स्कोर रिजल्ट मशीन का उपयोग, फोटो फिनिश से तय हो रहे एथलेटिक्स के नतीजे




फिनिश लाइन पर खिलाडिय़ों का समय और स्थान दर्ज करने की आधुनिक व्यवस्था

शिवपुरी। स्कूल शिक्षा विभाग की 70वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में इस बार आधुनिक तकनीक परिणाम निर्धारण को अधिक पारदर्शी बना रही है। स्थानीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में टाइम स्कोर रिजल्ट मशीन की सहायता से खिलाडयि़ों का समय और स्थान दर्ज किया जा रहा है। आयोजन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस स्टेडियम में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दौरान पहली बार इस तकनीकी व्यवस्था का उपयोग किया गया है।

ऑटोमेटिक टाइमिंग और फोटो फिनिश प्रणाली की विशेषता यह है कि इसमें खिलाडयि़ों के फिनिश लाइन पार करने का क्षण बारीकी से रिकॉर्ड होता है। लगभग एक साथ फिनिश करने वाले खिलाडयि़ों के बीच भी समय और स्थान का अंतर स्पष्ट करने में यह तकनीक मदद करती है। कंप्यूटर स्क्रीन पर उपलब्ध फोटो फिनिश रिकॉर्ड के आधार पर ऑफिशियल्स परिणामों की जांच और पुष्टि कर सकते हैं। इस व्यवस्था से परिणाम निर्धारण के लिए समय के साथ दृश्य प्रमाण भी उपलब्ध हो रहा है। किसी खिलाड़ी के आगे या पीछे रहने का निर्णय रिकॉर्ड देखकर स्पष्ट किया जा सकता है। 

इससे मानवीय चूक तथा परिणामों को लेकर भेदभाव की आशंका और विवाद की गुंजाइश कम करने में मदद मिल रही है। कोई आपत्ति आने पर भी संबंधित रिकॉर्ड की दोबारा जांच की जा सकती है। प्रतियोगिता के संचालन के लिए प्रदेश स्तर से एथलेटिक्स संघ की ओर से ऑफिशियल्स की टीम भी शिवपुरी भेजी गई है। यह टीम स्पर्धाओं का संचालन और परिणामों का परीक्षण निर्धारित नियमों के अनुसार कर रही है। तकनीकी रिकॉर्डिंग और ऑफिशियल्स की निगरानी से खिलाडिय़ों को निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का अवसर देने तथा उनके प्रदर्शन का सही मूल्यांकन करने की व्यवस्था मजबूत हुई है।

No comments: