50 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष और हाई-स्पीड वाई-फाई सहित मिलेंगी आधुनिक सुविधाएंशिवपुरी। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ग्वालियर शाखा द्वारा शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के सहयोग से शहर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सीए की तैयारी करने वाले अभ्यार्थियों के लिए रीडिंग रूम का भव्य शुभारंभ गत दिवस किया गया। ए.बी. रोड स्थित शगुन आर्केड की द्वितीय मंजिल पर स्थापित इस रीडिंग रूम के प्रारंभ होने से चार्टर्ड अकाउंटेंसी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं शांतिपूर्ण अध्ययन वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आईसीएआई के केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अभय छाजेड़ एवं सीए पंकज शाह उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) के अध्यक्ष सीए अंकुर गोयल तथा सिकासा अध्यक्ष सीए नितिन गुप्ता ने सहभागिता की। इस अवसर पर ग्वालियर शाखा की अध्यक्ष सीए निधि अग्रवाल, उपाध्यक्ष सीए पंकज शर्मा, सचिव सीए विवेक जैन तथा शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के संयोजक सीए विजय कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर रीडिंग रूम के औपचारिक उद्घाटन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आईसीएआई के ध्येय गीत के साथ हुआ। अतिथियों का माल्यार्पण, स्वागत पट्टिका एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया। ग्वालियर शाखा की अध्यक्ष सीए निधि अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इसके पश्चात शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के संयोजक सीए विजय कुमार गुप्ता ने रीडिंग रूम परियोजना की परिकल्पना, स्वीकृति, निर्माण एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रीडिंग रूम में एक साथ 50 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, व्यक्तिगत स्टडी क्यूबिकल, हाई-स्पीड वाई-फाई, लॉकर, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल सुविधा एवं इन्वर्टर बैकअप सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिवपुरी एवं आसपास के क्षेत्रों के सीए विद्यार्थियों को बड़े शहरों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। समारोह में केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अभय छाजेड़ एवं सीए पंकज शाह सहित सीआईआरसी अध्यक्ष सीए अंकुर गोयल तथा सिकासा अध्यक्ष सीए नितिन गुप्ता ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी और व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 48वीं रैंक प्राप्त करने वाले अंकुश सिंघल का विशेष सम्मान किया गया। अतिथियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे शिवपुरी के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के कोषाध्यक्ष सीए मोहित जैन ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ समारोह का समापन हुआ। शिवपुरी में आईसीएआई रीडिंग रूम की स्थापना चार्टर्ड अकाउंटेंसी के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को प्रतियोगी एवं व्यावसायिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही यह पहल शिवपुरी में व्यावसायिक शिक्षा के विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।


No comments:
Post a Comment