---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, March 27, 2026

प्रभारी राजस्व निरीक्षक को 2 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त ने पकड़ा


किसान से नक्शा सुधार के नाम पर मांगे थे 2 हजार रूपये,घर पर ही रिश्वत लेते दबोचा

शिवपुरी। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पोहरी तहसील के प्रभारी राजस्व निरीक्षक (आरआई) देवेन्द्र जैन को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी किसान से जमीन के नक्शे में सुधार के नाम पर अवैध राशि मांग रहा था। लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर उसे उसके ही निवास पर दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार पोहरी क्षेत्र के मचकला गांव के किसान ब्रखभान धाकड़ ने ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। किसान के अनुसार, उसकी जमीन के नक्शे में त्रुटि हो गई थी, जिसके सुधार के लिए उसने एसडीएम न्यायालय में आवेदन दिया था। फाइल प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब मामला तहसील स्तर पर पहुंचा, तो प्रभारी आरआई देवेन्द्र जैन ने काम करने के एवज में 5 हजार रुपए की मांग रख दी। बातचीत के बाद सौदा 4 हजार रुपए में तय हुआ। किसान पहले ही 1 हजार रुपए दे चुका था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अधिकारी काम को टालता रहा और बार-बार शेष राशि की मांग करता रहा। लगातार हो रही इस परेशानी से तंग आकर किसान ने हिम्मत जुटाई और लोकायुक्त से संपर्क किया। 24 मार्च को हुई बातचीत को किसान ने रिकॉर्ड कर सबूत के तौर पर टीम को सौंप दिया। 

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप प्लान तैयार किया। तय रणनीति के तहत शुक्रवार को किसान 2 हजार रुपए लेकर शिवपुरी स्थित सिद्धेश्वर कॉलोनी में आरोपी के निवास पर पहुंचा। जैसे ही आरआई देवेन्द्र जैन ने पैसे लिए, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।

No comments: