शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए लाखों की मोबाइल चोरी का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 31 मोबाइल फोन कीमत करीब 3.30 लाख रुपए बरामद किए हैं।करैरा टीआई विनोद छावई के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई ने एक शातिर तरीके से अंजाम दी गई चोरी की परतें खोल दीं। फरियादी नीरज गुप्ता निवासी देवनगर करैरा ने 10-11 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी श्रीराम मोबाइल दुकान से रात के समय ताले तोड़कर मोबाइल, सीसीटीवी कैमरा और अन्य सामान चोरी हो गया। इस पर थाना करैरा में अपराध क्रमांक 25/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के जीरो टॉलरेंस निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस लगातार सक्रिय रही। 27 मार्च को मुखबिर की सटीक सूचना पर सिल्लारपुर चौराहे से एक संदिग्ध नाबालिग को दबोचा गया, जो चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में था। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उसने वारदात से एक दिन पहले दुकान पर जाकर चुपचाप चाबी चुरा ली थी और रात करीब 4 बजे उसी चाबी से ताला खोलकर 31 मोबाइल चोरी कर लिए। बाद में उसने सभी मोबाइल जुझाई नर्सरी में छिपा दिए, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उप निरीक्षक राधेश्याम शिवहरे, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक राधेश्याम जादौन, हरेन्द्र सिंह, मत्स्येन्द्र गुर्जर, विकास भारद्वाज और जितेन्द्र कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment