---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, March 27, 2026

श्रीविष्णु मंदिर प्रांगण में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन 4 अपै्रल से


अभा स्वामी रामतीर्थ मिशन के परमाध्यक्ष डॉ.स्वामी शिवचंद्र जी महाराज करेंगें कथा का वाचन

शिवपुरी-शहर के प्रसिद्ध छत्री रोड़ स्थित श्रीविष्णु मंदिर प्रांगण में आगामी 4 अप्रैल से 11 अप्रैल तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में अभा स्वामी रामतीर्थ मिशन के परमाध्यक्ष डॉ.स्वामी शिवचंद्र जी महाराज के मुखारबिन्द से श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां मंदिर प्रांगण में प्रारंभ हो चुकी है प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से भव्य श्रीमद् भागवत कथा स्थल पर पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है।

4 से 11 अप्रैल तक आयोजित होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा के इस भव्य धार्मिक आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए श्रीविष्णु मंदिर पुजारी सुशील कुमार भार्गव व सह पुजारी दीपक भार्गव के द्वारा संयुक्त रूप से बताया गया है कि श्रीहरि विष्णुजी के पावन सानिध्य एवं श्रीविष्णु मंदिर के संरक्षक दीवान अरविन्द लाल के मार्गदर्शन में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन 4 से 11 अप्रैल तक होने जा रहा है। यह आयोजन श्री हरि विष्णु एवं समस्त भक्तगण शिवपुरी के साथ संयोजक शिवपुरी आध्यात्मिक सांस्कृतिक समाज कल्याण ट्रस्ट के तत्वाधान में होगा। गुरूवार को विष्णु मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर पुजारी दीपक भार्गव के द्वारा हाथों में पीले चावल देकर कथा का आमंत्रण दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग सपरिवार कथा का श्रवण कर अपने जीवन को धन्य कर सके।

इस भव्य आयोजन में व्यासपीठ से अभा स्वामी रामतीर्थ मिशन के परमाध्यक्ष डॉ.स्वामी शिवचंद्र जी महाराज के मुखारबिन्द से श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा जिनके द्वारा प्रतिदिन भगवान की विभिन्न लीलाओं को सचित्र वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को ईश्वर के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयेाजन के दौरान स्वामी रामतीर्थ के व्यावहारिक वेदांत, भक्ति, कर्म से समन्वित भागवत कथा का अद्वितीय श्रवण लाभ शिवपुरी के श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। इस आयोजन की शुरूआत 4 अप्रैल को कलश यात्रा के साथ होगी जो स्थानीय मॉं राजराजेश्वरी मंदिर से प्रात: 7 बजे प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल श्रीविष्णु मंदिर पर पहुंचेगी जहां कलश पूजन होकर कथा का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन कथा का श्रवण सायं 4 बजे से 7 बजे तक होगा। कथा के भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए विष्णु मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सेवाभावी नीरज जैन, वार्ड क्रं.1 से पार्षद अमरदीप शर्मा एवं सुनील खण्डेलवाल आदि सहित मंदिर प्रबंधन कथा की तैयारियों में जुट गया है जहां प्रचार-प्रसार का कार्य जारी है। अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से भव्य श्रीमद् भागवत कथा स्थल पर पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है।

No comments: