महावीर सेवा सदन के सहयोग से मंगलम में दिव्यांग शिविर: 117 हितग्राहियों को तत्काल मिले उपकरण
शिवपुरी। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में मंगलम परिसर में चल रहे सात दिवसीय कृत्रिम अंग निर्माण एवं वितरण शिविर से बड़ी राहत मिली है। तीन दिन में ही 117 दिव्यांगजनों को मौके पर ही सहायक उपकरण बनाकर वितरित किए जा चुके हैं। यह शिविर 31 मई तक जारी रहेगा। मंगलम समाजसेवी संस्था के सचिव राजेंद्र मजेजी ने बताया कि मंगलम संस्था और महावीर सेवा सदन कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष शिविर में जिलेभर के करीब 300 दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि महावीर सेवा सदन की चलित वर्कशॉप और तकनीकी टीम मंगलम परिसर में ही दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम हाथ, पैर और अन्य सहायक उपकरण तैयार कर रही है। पंजीयन के साथ ही उपकरणों की फिटिंग और वितरण की व्यवस्था भी मौके पर की गई है, जिससे हितग्राहियों को तत्काल लाभ मिल रहा है। शिविर का शुभारंभ 25 मई को दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज की उपस्थिति में किया गया था। इस शिविर में मंगलम संस्था के सदस्यगण सहित कई समाजसेवी सेवा भाव से जुड़े हुए हैं। आयोजकों का कहना है कि यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और स्वावलंबन लाने का काम करेगी। शिविर में दूर-दराज से दिव्यांगजन पहुंचकर लाभ उठा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment