शिवपुरी/नरवर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नरवर द्वारा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर तहसील कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार नरवर को ज्ञापन सौंपा गया। कल्लूराम कुशवाह के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में महंगाई, बढ़ते अपराध, किसानों की समस्याएं, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी एवं सहकारी बैंक घोटाले सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। ज्ञापन में विशेष रूप से बीते 15 मई को ग्राम काशीपुर थाना नरवर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातों से आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए आमजन को राहत देने की मांग की गई। साथ ही राजस्व विभाग में सीमांकन, नामांतरण एवं दुरुस्ती के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई गई। धरना-प्रदर्शन में पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, द्वारिकाप्रसाद कुशवाह, मानसिंह फौजी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुरसोतम रावत, सुशील तिवारी, सौरभ माहेश्वरी, अमित वर्मा, संध्या तोमर, सुरेन्द्र गुर्जर, भगवान सिंह कुशवाह, अशोक रावत, देवेंद्र ठाकुर, अजमेर रजक, नरेन्द्र यादव, दीपेंद्र, राजा, परमाल, संजीव झां, आशुतोष भार्गव, देवीसिंह कुशवाह, अरविन्द वैस, विधायक प्रतिनिधि शिवम बाथम, भानु परिहार, पातीराम कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सात दिवस के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment