---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, July 2, 2026

जनसुनवाई में उठी शिकायत पर 30 साल पुराने भूमि विवाद का अंत, कलेक्टर के निर्देश से मिला कब्जा


सीमांकन कर राजस्व विभाग ने कराया विवाद का समाधान, भौंती के किसान को मिली अपनी जमीन

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की जनसुनवाई में प्राप्त एक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने करीब 30 वर्ष पुराने भूमि विवाद का समाधान कर दिया। राजस्व विभाग ने सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर आवेदक को उसकी भूमि का विधिवत कब्जा दिलाया, जिससे वर्षों से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।

ग्राम भौंती निवासी रामचरण पुत्र गोकुल लोधी ने जनसुनवाई में अपनी भूमि के सीमांकन एवं कब्जा दिलाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में राजस्व विभाग ने प्रकरण को प्राथमिकता पर लेते हुए मौके पर पहुंचकर नियमानुसार भूमि का सीमांकन कराया। इसके बाद आवेदक और दूसरे पक्ष की मौजूदगी में विवाद का निराकरण करते हुए रामचरण को उसकी भूमि का विधिवत कब्जा सौंप दिया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम ममता शाक्य, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा। जिला प्रशासन ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके। करीब तीन दशक से लंबित इस प्रकरण के निराकरण के बाद आवेदक ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

No comments: