डीन डॉ.ईला गुजरिया ने किया ध्वजारोहण, तिरंगा यात्रा निकाली और किया अंगदान करने वालों को सम्मानितशिवपुरी- श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, शिवपुरी में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर चिकित्सा महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. ईला गुजारिया, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष चौऋषि, समस्त विभागाध्यक्ष, चिकित्सा शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारीगण, नर्सिंग स्टाफ, एमबीबीएस छात्र-छात्राएं पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं एवं समस्त आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के समस्त उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सा एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा रैली निकालकर किया गया। तिरंगा रैली के माध्यम से सभी ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। रैली के उपरांत उपस्थित सभी लोगों द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया।
इसके पश्चात राष्ट्रध्वज फहराया गया तथा उपस्थित सभी लोगों द्वारा राष्ट्रगान जन गण मन का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर समाजहित एवं मानव सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान देने वाले अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों तथा देहदान हेतु पंजीयन कराने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके पुनीत एवं मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा गया कि अंगदान एवं देहदान मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है तथा इनके माध्यम से चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन को महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।
देहदान पंजीयन एवं देहदान करने वालों में राजकुमार बिंदल, मन्नू लाल बिंदल, श्रीमती दीपिका आर्य, राजेश आर्य, किशन लाल राय, श्रीमती तृप्ति अरोड़ा जिन्होंने अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती सरोज मदान का देहदान कर समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही अंगदान के लिए श्रीमती रमा बाई पत्नी अनिल कुमार सिंह, विष्णु दत्त शर्मा, अमित श्रीवास्तव, श्रीमती ममता तोमर को सम्मानित कया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों से अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर महाविद्यालय में कार्यरत हाउसकीपिंग स्टाफ, वार्ड बॉय एवं ड्राइवरों द्वारा महाविद्यालय के कार्यों के सुचारू संचालन एवं व्यवस्था बनाए रखने में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। उनके समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिष्ठाता महोदया डॉ. ईला गुजारिया द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

No comments:
Post a Comment