डेढ़ सैकड़ा भोले भक्तों ने 36 घंटे में पूरी की डाक कांवड़ यात्रा, बड़े हनुमान मंदिर पर जलाभिषेक के साथ हुआ समापनशिवपुरी। शहर के एबी रोड स्थित तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर पर सोरों से शिवपुरी पहुंची द्वितीय डाक कांवड़ यात्रा का भव्य एवं श्रद्धामय स्वागत किया गया। महामंडलेश्वर श्री पुरुषोत्तम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में निकली इस कांवड़ यात्रा में करीब डेढ़ सैकड़ा भोले भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने लगभग 36 घंटे में डाक कांवड़ यात्रा पूर्ण कर शिवपुरी पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। शिवपुरी आगमन पर कांवड़ यात्रियों का एबी रोड एवं माधव चौक परिक्रमा मार्ग में ढोल-डीजे और भक्ति के जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद सभी कांवड़ यात्री तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ जलाभिषेक कर यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया और कांवड़ यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
प्रेसवार्ता में महाराज ने बताया कांवड़ यात्रा का महत्व
यात्रा के समापन अवसर पर महामंडलेश्वर श्री पुरुषोत्तम दास जी महाराज ने प्रेसवार्ता आयोजित कर पत्रकारों को कांवड़ यात्रा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना, आस्था, श्रद्धा और सेवा की भावना से की जाने वाली कांवड़ यात्रा भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी भोले भक्तों को सफल आयोजन के लिए आशीर्वचन एवं शुभकामनाएं दीं।
10 से 19 सितंबर तक मनाई जाएगी राधाष्टमी, मुख्य यजमान भैया भैया परिवार के देवेंद्र-श्रीमती अंजलि शर्मा होंगी
प्रेसवार्ता के दौरान महामंडलेश्वर श्री पुरुषोत्तम दास जी महाराज ने बताया कि आगामी सितंबर माह में 10 से 19 सितंबर तक प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राधाष्टमी महोत्सव बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन के मुख्य यजमान समाजसेवा के रूप में पहचाने जाने वाले वाले भैया भैया परिवार के देवेंद्र शर्मा- श्रीमती अंजलि शर्मा होंगे। राधाष्टमी आयोजन के लिए कथा समिति अध्यक्ष के रूप में अशोक शर्मा कुड़वादा वाले को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में महिला पत्रकार सुश्री मणिका शर्मा एवं पूनम पुरोहित का मनोनयन किया गया।
भंडारा प्रसादी में श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ
कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में कार्यक्रम के समापन पर भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। पूरा आयोजन भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

.jpeg)
No comments:
Post a Comment