माधवचौक हनुमान मंदिर से निकली कलश यात्रा, भक्ति में झूमे धर्मप्रेमी, जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागतशिवपुरी। शहर के समाजसेवी ठेइया परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर माधवचौक स्थित हनुमान मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो विष्णु मंदिर होते हुए कथा स्थल बांकडे हनुमान मंदिर पहुंची। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी महिला-पुरुष शामिल हुए और पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। कलश यात्रा में कथा के मुख्य यजमान हरिशंकर-श्रीमती आशा अग्रवाल (ठेइया) सिर पर श्रीमद्भागवत ग्रंथ धारण कर चल रहे थे।
वहीं कथा आयोजक परिवार के हरिशंकर अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल एवं अजीत अग्रवाल (ठेइया) सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे मार्ग में कलश यात्रा के साथ शामिल हुए और पुण्य लाभ अर्जित किया। कलश यात्रा के दौरान ढोल, नगाड़े और बैंड की संगीतमय धुनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। विशेष रूप से महिलाएं एवं माता-बहनें भजनों पर नृत्य करते हुए भक्ति की बयार में डूबी दिखाई दीं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
कथा के प्रथम दिवस पर व्यासपीठ से महंत डॉ. गिरीश जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सद्मार्ग, भक्ति और संस्कारों की ओर ले जाने वाला दिव्य मार्गदर्शन है। कथा के श्रवण से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति और जीवन को सही दिशा प्राप्त होती है।
कलश यात्रा में शामिल हुए समाजजन
इस अवसर पर कलश यात्रा में मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष विष्णु गुप्ता (पिपरघार वाले), रामजी लाल बंसल, निर्मल गुप्ता (भटनावर वाले), समाजसेवी सुमत गुप्ता, पार्षद गौरव सिंघल, घनश्याम गुप्ता (तिगरी वाले), विकास गोयल, राजू गोयल सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमीजन मौजूद रहे। कलश यात्रा में श्री बांकडे हनुमान मंदिर सेवा संस्थान शिवपुरी के महंत एवं कथा वाचक डॉ. गिरीश जी महाराज बग्गी में सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए चल रहे थे। उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा के मुख्य संयोजक एवं आयोजक मध्यदेशीय अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष अजीत अग्रवाल(ठेइया)रहे। यात्रा के कथा स्थल बांकडे हनुमान मंदिर पहुंचने के बाद विधिवत श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन बांकडे हनुमान मंदिर, शिवपुरी में किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।



.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment