शिवपुरी। समाजसेवी संस्था भारत विकास परिषद के तत्वावधान में शिवपुरी स्थित सर्किल जेल में बंदियों के लिए बड़े पर्दे पर प्रोजेक्टर के माध्यम से देशभक्ति फिल्म बॉर्डर 2 का विशेष प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के भीतर राष्ट्रप्रेम, सकारात्मक सोच एवं समाज की मुख्य धारा से जुडऩे की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक एवं राज्य मंत्री प्रहलाद भारती, जेल अधीक्षक आर.सी. आर्य, जेलर श्री पांडे तथा परिषद के जिला अध्यक्ष एडवोकेट शैलेंद्र समाधिया द्वारा मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया।इस अवसर पर बंदियों को संबोधित करते हुए जेल अधीक्षक आर.सी. आर्य ने कहा कि देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्मों का सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसे आयोजन बंदियों के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्यबोध और आत्ममंथन की भावना जागृत करते हैं, जिससे वे भविष्य में समाजोपयोगी जीवन जीने की प्रेरणा ले सकते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद के जिला अध्यक्ष एडवोकेट शैलेंद्र समाधिया ने कहा कि फिल्म प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य बंदियों को देशभक्ति की भावना से जोडऩा तथा उन्हें पुन: समाज की मुख्य धारा में सम्मानपूर्वक जीवन यापन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में सुधार की संभावना होती है और यदि सकारात्मक मार्गदर्शन मिले तो वह अपनी ऊर्जा का उपयोग देश और समाज के हित में कर सकता है।
जेलर श्री पांडे ने भी सभी बंदियों से आह्वान किया कि रिहाई के पश्चात वे गैर-आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर राष्ट्रहित एवं समाजसेवा की दिशा में आगे बढ़ें। फिल्म प्रदर्शन के साथ ही महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में बंदियों को खिचड़ी एवं फल वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, जेल अधीक्षक आर.सी. आर्य, जेलर श्री पांडे, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष शैलेंद्र समाधि या सचिव पुनीत जैन कोषाध्यक्ष सुकेश मित्तल, सेवा प्रमुख राजेश सिंधल, डा राजेंद्र गुप्ता, संजीव जैन सतीश शर्मा, मनीष गोयल, मनीष अरोरा, दिनेश जैन, शैलेंद्र मित्तल, मनीष मित्तल , तरुण अग्रवाल, ,संजीव गुप्ता, राजकुमार बिन्दल ,अभिभाषक राजीव शर्मा, अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष अंकुर चतुर्वेदी, दीपेश दुबे, ललित समाधिया जेल स्टाफ अजय बेनवाल अटल समाधिया, कौशल जाटवसहित भारत विकास परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायी आयोजन सर्किल जेल में आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके और वे समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।



No comments:
Post a Comment