---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, March 19, 2026

नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में पहुंची प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया, कार्यों की सराहना करते हुए डॉक्टरों का किया सम्मान





शिविर का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा

शिवपुरी-केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने शिवपुरी में आयोजित नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रिसेप्शन पर पंजीकरण प्रक्रिया को समझा  और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि प्रत्येक मरीज को बिना किसी असुविधा के समयबद्ध उपचार मिल सके। उन्होंने शिविर में उपलब्ध विभिन्न चिकित्सा सेवाओं की जानकारी भी ली और व्यवस्थाओं की समग्र गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।

चिकित्सकों का सम्मान और सेवाभाव की सराहना
प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने अपने दौरे के दौरान शिविर में अपनी सेवाएं दे रहे चिकित्सकों का सम्मान किया और उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करते हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने दवा वितरण केंद्र का भी दौरा किया और व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उल्लेखनीय है कि शिविर में आए मरीजों को दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष फोकस, भोजन का स्वयं किया परीक्षण
उन्होंने शिविर में उपलब्ध अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया, विशेष रूप से डॉक्टरों, स्टाफ और शिविर में आए मरीजों एवं उनके तीमारदारों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने स्वयं भोजन का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की। सिंधिया ने मरीजों को खाना वितरित भी किया और संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि सेवा में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। इसके अलावा उन्होंने वॉलंटियर्स  से शिविर में साफ़ सफाई बनाये रखने का भी अनुरोध किया ताकि मरीजों को कोई समस्या न हो। 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिवपुरी में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व बुधवार को उन्होंने इसी शिविर में एचपीव्ही वैक्सीन सुविधा का शुभारंभ किया था, मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा था तथा बेटियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया था, जिससे यह पहल स्वास्थ्य सुरक्षा और जागरूकता दोनों दिशाओं में प्रभावी रूप से आगे बढ़ रही है।

No comments: