---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, June 26, 2026

श्रमायुक्त ने लेबर चौक पहुंचकर श्रमिकों से किया संवाद


कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी

शिवपुरी-श्रमायुक्त संदीप जी.आर. ने शुक्रवार को शिवपुरी शहर स्थित माधव चौक (लेबर चौक) का भ्रमण कर श्रमिकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान श्रमायुक्त ने न्यूनतम वेतन, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, संबल कार्ड तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल (बीओसीडब्ल्यू) की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र श्रमिकों का इन योजनाओं में अधिकाधिक पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए श्रमायुक्त ने जिला अधिकारियों को विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही लेबर चौक पर प्रतिदिन आने वाले श्रमिकों का व्हाट्सएप समूह बनाकर शासन की योजनाओं, पंजीयन शिविरों, रोजगार के अवसरों एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का नियमित प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्रमायुक्त संदीप जी.आर. ने श्रमिकों के लिए लेबर चौक पर शेड, स्वच्छ शौचालय एवं शीतल पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर श्रम अधिकारी श्री योगेश सिंघल, श्रम निरीक्षक श्री वृंदावन सिंह सहित श्रम विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: