शिवपुरी। विश्वमांगल्य सभा, मध्य भारत प्रांत की द्वितीय प्रांतीय बैठक शिवपुरी में संपन्न हुई। बैठक में मध्य भारत प्रांत के 21 जिलों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य युगानुकूल मातृत्व, संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण तथा अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन के कार्यों से जोड़ने की दिशा में आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श करना रहा।
कार्यक्रम में विश्वमंगल्य सभा की राष्ट्रीय संयोजिका डॉ. वृषाली जोशी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सूरज गुमान सिंह डामोर, अखिल भारतीय जनप्रतिनिधि मातृ सभा विभाग संयोजिका अनुराधा यादव, मध्य भारत प्रांत की अध्यक्ष विभा रघुवंशी, संपर्क प्रमुख शोभा पुरोहित तथा शिवपुरी जिला अध्यक्ष नम्रता गौतम सहित विभिन्न जिलों से आईं महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों एवं पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सूरज गुमान सिंह डामोर ने मंच को संबोधित करते हुए विश्व मंगल सभा के उद्देश्यों और संगठन के कार्यों पर प्रकाश डाला।
स्वागत भाषण मध्य भारत प्रांत की अध्यक्ष विभा रघुवंशी ने दिया। उन्होंने शिवपुरी जिले में विश्व मांगल्य सभा द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के माध्यम से महिलाओं को मातृत्व के महत्व से जोड़ने तथा परिवार और समाज में संस्कारों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
बैठक के दूसरे सत्र में विश्व मंगल सभा की कार्यपद्धति, संगठन के विस्तार और युगानुकूल मातृत्व के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने के विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को भारतीय संस्कारों और जीवन मूल्यों से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसके लिए महिलाओं की भूमिका को केंद्र में रखते हुए समाज में जागरूकता और सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।
तीसरे सत्र में शिवपुरी के संघचालक राजेश गोयल, विभाग संघचालक डॉ. गोविंद सिंह एवं देवेंद्र मजेजी मंच पर उपस्थित रहे। संगठन की ओर से उनका शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। उन्होंने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए मातृत्व, संस्कार और समाज निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन सत्र में संगठनात्मक विस्तार को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न महिलाओं को नवीन पद एवं दायित्व भी सौंपे गए। नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उद्देश्यों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
समापन अवसर पर अनुराधा यादव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बैठक में शामिल सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्व मंगल सभा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाया।
बैठक में मध्य भारत प्रांत के 21 जिलों से आईं महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। पूरे कार्यक्रम में मातृत्व, संस्कार और संगठन विस्तार को लेकर सकारात्मक ऊर्जा दिखाई दी तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।



No comments:
Post a Comment