मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठयक्रम का सत्रारंभ समारोह आयोजितशिवपुरी- म प्र जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग म प्र शासन) विकासखंड शिवपुरी द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु सत्रारंभ समारोह एवं छात्र उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी के सभागार में किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. अजय खेमरिया आयुक्त मध्यप्रदेश दिव्यांगजन, विशिष्ट अतिथि अशोक शर्मा सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिशुपाल सिंह जादौन विकासखंड समन्वयक जन अभियान परिषद विकासखंड शिवपुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम रूपरेखा एवं स्वागत भाषण में बोलते हुए विकासखंड समन्वयक शिशुपाल सिंह जादौन ने बताया कि स्थानीय स्तर पर सामुदायिक नेतृत्व विकसित करने एवं युवाओं में सामाजिक नेतृत्व एवं सतत विकास के उद्देश्य से जन अभियान परिषद मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत समाज कार्य में स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रम का संचालन किया जाता है।जिसके अंतर्गत आज शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नव प्रवेशित एवं पूर्व से अध्ययनरत छात्रों के उन्मुखीकरण हेतु सत्रारंभ समारोह 2026 का आयोजन किया गया है।इस सत्रारंभ समारोह की थीम एक पेड़ मां के नाम,नशामुक्त - संस्कारयुक्त युवा एवं स्वैच्छिकता - स्वावलंबन पर केंद्रित है। इस पाठ्यक्रम में छात्र प्रति रविवार को आयोजि होने बाली संपर्क कक्षाओं में सैद्धांतिक शिक्षा एवं अन्य दिवसों में अपने सामाजिक प्रयोगशाला ग्राम में प्रायोगिक के माध्यम से शासन के विभिन्न अभियानों से लोगों को जोड़ने का कार्य करते है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपने उद्बोधन में आयुक्त मध्यप्रदेश दिव्यांगजन डॉ अजय खेमरिया जी ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा संचालित यह पाठ्यक्रम अपने आप में एक अनूठा कार्यक्रम है। क्योंकि यहां पर आपको पढ़ाई के साथ साथ कार्य अनुभव प्राप्त करने का भी अवसर मिलता है। आज के इस दौर में सामाजिक बदलाव बड़ी तीव्र गति से हो रहा है, इस बदलाद में युवाओं की बड़ी अहम भूमिका है। अब आपको तय करना है कि हम परिवर्तन के इस समय में किस प्रकार सकारात्मक सोच के साथ अपने समाज,प्रदेश एवं राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते है। यह पाठ्यक्रम आपको समाज सेवा का एक सुनहरा मौका भी प्रदान करता है और आपके अंदर सामुदायिक नेतृत्वकर्ता का विकास करता है।
कार्यक्रम अंत में सभी नव प्रवेशित छात्रों को अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया एवं मुख्य अतिथि द्वारा सभी को स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा पूर्व वर्ष के छात्रों द्वारा अपने अनुभव सभी के साथ साझा किए गए। कार्यक्रम समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत महाविद्यालय प्रांगण में पौधारोपण किया। आभार विकासखंड समन्वयक शिशुपाल सिंह जादौन द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में परामर्शदाता केशव शर्मा, पदमा शिवहरे, रेखा समाधियां, सीमा खटीक, सीएम सोशल इंटर्न शुभम रजक सहित नव प्रवेशित एवं पूर्व से अध्ययनरत छात्र छात्राओं द्वारा सहभागिता की गई।

No comments:
Post a Comment