पुलिस कर्मियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक जीवन के लिए दिसंबर 2026 तक चलेगा अभियानशिवपुरी। जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा संयुक्त कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी जे.पी. गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के मार्गदर्शन में राज्य आनंद संस्थान, जिला शिवपुरी द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जून 2026 से दिसंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार अल्पविराम कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
मास्टर ट्रेनर साकेत पुरोहित ने बताया कि पुलिस कर्मी निरंतर चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। ऐसे में उनके मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक सोच को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की जा रही है। कार्यशालाओं में ध्यान, आत्मचिंतन, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक चिंतन एवं आनंदमय जीवन शैली से संबंधित व्यवहारिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से पुलिस कर्मियों को कार्य के दबाव को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने, मानसिक रूप से अधिक सशक्त बनने तथा जनसेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता मिलेगी। आगामी बड़े आयोजनों एवं विशेष ड्यूटी के दौरान भी यह प्रशिक्षण उनके लिए उपयोगी सिद्ध होगा। कार्यक्रम का समन्वय जिला सहायक नोडल अधिकारी अभय कुमार जैन द्वारा किया जाएगा तथा संचालन राज्य आनंद संस्थान के मास्टर ट्रेनर, आनंदम सहयोगियों एवं आनंदकों के सहयोग से किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने इस पहल को पुलिस कर्मियों के सर्वांगीण विकास तथा बेहतर जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

No comments:
Post a Comment