---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, July 9, 2026

प्यासे यात्रियों की सेवा करने वालों का हुआ सम्मान, पूरी गर्मी बदरवास स्टेशन पर चली नि:शुल्क शीतल जलसेवा


रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने जलसेवा सहयोगियों व स्टेशन स्टाफ का सम्मान समारोह आयोजित कर किया अभिनंदन

शिवपुरी/बदरवास -भीषण गर्मी में बदरवास रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जनसहयोग से संचालित नि:शुल्क शीतल जलसेवा अभियान के समापन पर गत दिवस सम्मान,धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित कर सेवा कार्य में सहयोग देने वाले रेलवे स्टेशन स्टाफ, जलसेवकों और अन्य सहयोगियों का सम्मान कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सभी को माला पहनाकर, शॉल एवं तौलिया भेंटकर तथा मिठाई खिलाकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

मुख्य अतिथि स्टेशन प्रबंधक विनोद शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे यात्रियों को शुद्ध एवं शीतल जल उपलब्ध कराना सबसे बड़ा मानव धर्म है। रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जारी जलसेवा में जल सेवकों ने पूरी गर्मी जिस समर्पण और निस्वार्थ भाव से यह सेवा कार्य किया, वह सराहनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि जलसेवक तपती धूप में भी ट्रेनों की प्रत्येक बोगी तक पहुंचकर यात्रियों को शीतल आरओ जल पिलाते रहे और आगे के सफर के लिए यात्रियों की पानी की बोतलें भी भरते रहे। यह सेवा समाज में मानवता और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। गौरतलब है कि सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जनसहयोग से बदरवास रेलवे स्टेशन पर नि:शुल्क आरओ कैंपर जल से जलसेवा अभियान पूरे गर्मियों में जनसहयोग से जारी रहा। जलसेवा अभियान के दौरान बदरवास रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में पूरे दिन और देर रात तक प्रतिदिन यात्रियों को आरओ कैंपर का शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया। भरी दोपहरी और चिलचिलाती धूप में भी जलसेवक पूरी तन्मयता और सेवाभाव से प्लेटफार्म पर आने जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को शुद्ध पेयजल पिलाकर और उनकी बोतलों को भरने का काम करते रहे।

No comments: