---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, August 27, 2026

राखी के पावन धागे से चिकित्सकों को सम्मान


बाल शिक्षा निकेतन में विशेष सम्मान समारोह आयोजित

शिवपुरी। रिश्तों में प्रेम और विश्वास का धागा पिरोने वाला रक्षाबंधन, जब सेवा और सुरक्षा के संकल्प से जुड़ा, तो विद्यालय में इसका उत्सव एक अनूठे सम्मान में बदल गया। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बाल शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा क्राफ्ट इंचार्ज नेहा वशिष्ट के मार्गदर्शन में एक विशाल एवं आकर्षक राखी तैयार की गई। राखी के पावन धागे से उन चिकित्सकों को नमन, जो सेवा और समर्पण से जीवन की रक्षा का संकल्प निभाते हैं। इसी भाव के साथ कार्यक्रम में डॉ. एस.के. वर्मा एवं डॉ. अनीता वर्मा तथा डॉ. भगवत बंसल एवं डॉ. कल्पना बंसल को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की छोटी-छोटी छात्राओं ने चिकित्सकों को राखी बाँधकर उनके प्रति स्नेह, सम्मान और आभार व्यक्त किया। बच्चों की इस भावपूर्ण पहल ने कार्यक्रम को विशेष एवं यादगार बना दिया। डॉ. एस.के. वर्मा एवं डॉ. अनीता वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए तथा स्वस्थ रहने के लिए फास्ट फूड से बचकर पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित किया। डॉ. भगवत बंसल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की इस पहल को प्रेम, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की सुंदर अभिव्यक्ति बताया। 

डॉ. कल्पना बंसल ने कहा कि राखी विश्वास, प्रेम और निष्ठा का प्रतीक है। विद्यालय की संचालिका श्रीमती बिंदु छिब्बर ने चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चारों चिकित्सक दशकों से समर्पण एवं सेवाभाव के साथ समाज की सेवा कर रहे हैं। बीमारी का निदान हो या सर्जरी, चिकित्सकों की सेवा जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में सुविधि जैन एवं श्रृंखला श्रीवास्तव ने चिकित्सकों की महानता और सेवा-समर्पण पर भावपूर्ण कविताएँ प्रस्तुत कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि रक्षा का यह पावन बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की रक्षा और सेवा करने वाले हर व्यक्ति के सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

No comments: