---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, August 23, 2026

भारतीय किसान संघ का दो दिवसीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग संपन्न


किसान हित और ग्राम विकास की कार्ययोजना पर मंथन

शिवपुरी। भारतीय किसान संघ मध्य भारत प्रांत, जिला शिवपुरी द्वारा आयोजित दो दिवसीय 8 सत्रीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग 22 एवं 23 अगस्त को मिलन वाटिका, पुलिस कंट्रोल रूम के सामने शिवपुरी में उत्साह, अनुशासन और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग में जिले भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, ग्राम समिति, किसान हित के आंदोलन, जैविक खेती और आगामी अभियानों को लेकर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, कृषि देव भगवान बलराम एवं भारतीय किसान संघ के संस्थापक राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण और ध्वजारोहण के साथ हुआ। अतिथियों का जिला टोली द्वारा श्रीफल एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। मंच संचालन जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख दीपेंद्र पाल ने किया।

अभ्यास वर्ग के प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में प्रांतीय सदस्य पवन शर्मा ने भारतीय किसान संघ के परिचय, संगठन के महत्व, स्थापना एवं संगठन की परिभाषा पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इसके बाद संभागीय अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव ने संगठन की कार्यपद्धति, रचनात्मक कार्य एवं रीति-नीति पर विस्तार से प्रकाश डाला। तृतीय सत्र में प्रांतीय संगठन मंत्री भरत पटेल ने ग्राम समिति को संगठन के कार्य का आधार बताते हुए दिसंबर 2026 से देश एवं मध्य प्रदेश में प्रारंभ होने वाले महा सदस्यता अभियान की जानकारी दी। दूसरे दिन जिला मंत्री बृजेश शर्मा ने भारतीय किसान संघ द्वारा मनाए जाने वाले चार प्रमुख उत्सवों की जानकारी दी। 

पंचम सत्र में जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़ ने 'राष्ट्र सर्वोपरि मानकर आंदोलनात्मक कार्यÓ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि किसान हित के आंदोलनों को संवैधानिक मर्यादाओं, अनुशासन और पारिवारिक भावना के साथ संचालित किया जाना चाहिए। अभ्यास वर्ग में प्रांत संगठन मंत्री भरत पटेल, प्रांत महामंत्री शिवनंदन रघुवंशी, प्रांतीय सदस्य पवन शर्मा, संभागीय अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव, जिला सदस्य राजेश वर्मा, जिलाध्यक्ष बृजेश धाकड़, जिला मंत्री बृजेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेश वर्मा, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख दीपेंद्र पाल, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, जिला सदस्य विवेक व्यास, आदित्य धाकड़ सहित जिले की विभिन्न तहसीलों से आए अध्यक्ष, मंत्री, उपाध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments: