---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, August 21, 2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री वर्मा का कोलारस में औचक निरीक्षण


स्कूल, आंगनबाड़ी, उपस्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं परखीं, लापरवाही पर सचिव जीआरएस पर कार्यवाही के निर्देश

शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कोलारस क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल, आंगनबाड़ी, उपस्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय सेसई सड़क एवं बाल शिक्षा केंद्र (आंगनवाड़ी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन खाया और उसकी गुणवत्ता परखी। कलेक्टर श्री वर्मा ने लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक के विरुद्ध नियम अनुसार कढ़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपयंत्री को निर्देशित किया कि पंचायत अंतर्गत स्वीकृत समस्त निर्माण व विकास कार्यों की विस्तृत एवं अद्यतन रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और गति सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, सहित, डीपीसी दफेदार सिंह एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र सेसई सड़क का निरीक्षण
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र सेसई सड़क का औचक निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। यहां समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने आयुष्मान कार्ड वितरण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए, साथ ही प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले नियमित टीकाकरण सत्रों में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। जो नागरिक या हितग्राही केंद्र तक नहीं पहुंच रहे हैं, उन्हें स्वास्थ्य टीम के माध्यम से जागरूक कर केंद्र पर लाने के निर्देश दिए।

स्वच्छता में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस एवं विकास कार्यों की 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान स्कूल, आंगनवाड़ी एवं उप स्वास्थ्य केंद्र के बाहर फैली गंदगी और अव्यवस्था पर कलेक्टर श्री वर्मा ने गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों और आमजनों के लिए स्वच्छ वातावरण को अनिवार्य बताते हुए जनपद सीईओ को स्वास्थ्य केंद्र के बाहर सफाई और अन्य व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में घोर लापरवाही बरतने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्राम रोजगार सहायक से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली।

No comments: