---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, August 6, 2026

माननीय न्यायालय के आदेश पर जल्द कराए जाएं प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव, नहीं तो होगा मुख्यमंत्री निवास का घेराव: समीर खान


शिवपुरी।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष समीर खान ने छात्रसंघ चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार को माननीय न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराना चाहिए, ताकि छात्रों को अपना लोकतांत्रिक प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिल सके।

समीर खान ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर छात्रसंघ चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे डर है कि छात्र राजनीति से नए, जमीनी और मजबूत युवा नेतृत्व का उदय होगा। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं, जहां से अनेक जनप्रतिनिधि, विधायक, सांसद और बड़े राजनीतिक नेता निकलकर देश और प्रदेश की राजनीति में अपनी पहचान बनाते हैं। सरकार नहीं चाहती कि युवाओं को ऐसा लोकतांत्रिक मंच मिले, जहां से वे अपनी नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकें।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों की समस्याओं का प्रभावी प्रतिनिधित्व नहीं हो पा रहा है। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों की आवाज़ दब रही है, जिसका सीधा असर छात्र हितों पर पड़ रहा है।

समीर खान ने चेतावनी दी कि यदि सरकार माननीय न्यायालय के आदेश के बावजूद शीघ्र प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराने की घोषणा नहीं करती है, तो एनएसयूआई कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे और पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को तेज करेंगे। उन्होंने सरकार से छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए जल्द चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग की।

No comments: