---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, September 12, 2025

कैट केवल एक संस्था नहीं बल्कि एक आंदोलन है : केंद्रीय मंत्री सिंधिया


व्यापारिक एवं औद्योगिक समरसता सम्मेलन संपन्न

शिवपुरी-व्यापारिक एवं औद्योगिक समरसता सम्मेलन (कैट) शुक्रवार को केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में परिणय वाटिका शिवपुरी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी.पवन जैन, जिलाध्यक्ष गंगाधर गोयल, महामंत्री सौरभ सांखला, संगठन मंत्री संजीव जैन, कोषाध्यक्ष एड.पारस जैन आदि सहित कार्यक्रम संयोजक रविन्द्र गोयल, कृष्णमोहन अग्रवाल (बंटी), गिरीश जैन एवं गौरव खण्डेलवाल मौजूद रहे। और नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। स्वागत भाषण इंजी.पवन जैन ने दिया जबकि कैट संस्था के कार्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन के द्वारा डाला गया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिवपुरी नगर मेरी आन, बान और शान है। उन्होंने बताया कि कैट केवल एक संस्था नहीं बल्कि एक आंदोलन है, इस संस्था को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी जी ने स्थापित किया था, उन्होंने देश की तेज आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत अगले दो वर्षों में जर्मनी को पछाड़कर तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन जाएगा।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बड़े बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन योजना के तहत 55 करोड़ नए खाते खोले गए, जिनमें 25 करोड़ खाते महिलाओं के नाम हैं। यूपीआई के जरिए भारत में प्रतिवर्ष 240 बिलियन लेन-देन हो रहे हैं और लगभग 3 ट्रिलियन डॉलर का व्यापार केवल यूपीआई से हुआ है।

उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया का डिजिटल लेन-देन हब बन चुका है और 20 देशों में यूपीआई निर्यात किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पहले भारत दूरसंचार तकनीक के लिए अन्य देशों पर निर्भर था, लेकिन अब स्वदेशी तकनीक से 4 जी और जल्द ही 5 जी सेवाएं शुरू की जा रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर बल देते हुए कहा कि हर दुकानदार को केवल स्वदेशी माल की पहचान लिखनी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थितजनों को यूपीआई का अधिक से अधिक उपयोग, केवल स्वदेशी उत्पादों की खरीद, वोकल फॉर लोकल अभियान को बढ़ावा तथा भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन गोपिन्द्र जैन ने जबकि समापन पर आभार प्रदर्शन महामंत्री सौरभ सांखला के द्वारा व्यक्त किया गया।

No comments: