---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, June 19, 2026

योग चेतना महोत्सव 2026 भोपाल में शिवपुरी की गृशा गुप्ता गेस्ट ऑफ ऑनर सम्मान से सम्मानित


वल्र्ड योगासन चैंपियनशिप 2026 अवॉर्ड सेरेमनी का भव्य आयोजन

शिवपुरी- 12वें अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 14 जून को योग आयोग मध्यप्रदेश एवं अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में योग चेतना महोत्सव 2026 एवं वल्र्ड योगासन चैंपियनशिप 2026 विजेताओं की अवॉर्ड सेरेमनी का भव्य आयोजन भोपाल में किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए योगाचार्यों, योग प्रशिक्षकों, खिलाडिय़ों, योग साधकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को योग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य संत एवं विश्व विख्यात कथावाचक श्री देवकीनन्दन ठाकुर जी महाराज उपस्थित रहे। अध्यक्षता डॉ. राघवेंद्र शर्मा (अध्यक्ष, मध्य प्रदेश योग आयोग), ने की एवं राकेश शुक्ला (कैबिनेट मंत्री, मध्य प्रदेश शासन), प्रसिद्ध अभिनेता अनिरुद्ध दवे, डॉ. भारती आचार्य, आर. एन. चंद, स्वामी अमित देव, राहुल गौर (राष्ट्रीय सचिव, अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ एवं प्रख्यात निर्माता एवं कास्टिंग डायरेक्टर, मुंबई), रविन्द्र कुमार सिंह (सचिव, मध्य प्रदेश योग आयोग), वेद प्रकाश शर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, योगासन भारत), योग गुरु मंगेश त्रिवेदी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ) एवम अन्य अतिथिगन उपस्थि रहे। 

इस अवसर पर शिवपुरी की युवा योग शिक्षिका गृशा गुप्ता को योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, योग जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य के लिए गेस्ट ऑफ ऑनर सम्मान से सम्मानित किया गया। गृशा गुप्ता वर्तमान में ऋषिकेश में योग शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं, जहाँ वे देश-विदेश से आने वाले साधकों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान का प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं। योग के प्रति उनकी समर्पित सेवा एवं सतत प्रयासों के माध्यम से अनेक लोग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से लाभान्वित हो रहे हैं।

सम्मान प्राप्त होने पर गृशा गुप्ता ने इसे अपने गुरुजनों, विद्यार्थियों एवं परिवार के सहयोग का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें योग के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने योग को जन-जन तक पहुँचाने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

No comments: